
प्राथमिक विद्यालय अच्छेजा में छात्रों की उपस्थिति, शिक्षण कार्य और मिड-डे मील की गुणवत्ता परखी
हापुड़। जिलाधिकारी कविता मीना ने मंगलवार को विकास खंड हापुड़ के प्राथमिक विद्यालय अच्छेजा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में शिक्षा व्यवस्था से लेकर बच्चों को मिलने वाली सुविधाओं तक का जायजा लिया।

डीएम ने विद्यालय में छात्रों और शिक्षकों की उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई, शौचालय, पेयजल व्यवस्था और शिक्षण कार्य की स्थिति की जांच की। उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर बच्चों से पढ़ाई के संबंध में बातचीत की और उनसे सवाल-जवाब कर शिक्षण स्तर को परखा।

मिड-डे मील का मैन्यू बोर्ड नहीं लगा मिला
निरीक्षण के दौरान मध्यान्ह भोजन का मैन्यू बोर्ड प्रदर्शित नहीं होने पर जिलाधिकारी ने प्रधानाध्यापक को फटकार लगाई। उन्होंने निर्देश दिए कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और समय से मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा भोजन से संबंधित आवश्यक जानकारी निर्धारित तरीके से प्रदर्शित की जाए।

किताब और यूनिफॉर्म जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश
जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि विद्यालय में पुस्तकों का वितरण और यूनिफॉर्म उपलब्ध कराने का कार्य शीघ्र पूरा कराया जाए। उन्होंने शिक्षण स्तर में सुधार लाने और बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।
डीएम के औचक निरीक्षण के दौरान विद्यालय की व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
