
हापुड़। चीनी के बढ़ते दामों के बीच उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए हापुड़ के व्यापारियों ने पहल की है। व्यापारियों ने नो प्रॉफिट-नो लॉस के आधार पर 60 रुपये प्रति किलो की दर से चीनी उपलब्ध कराने के लिए जिलेभर में खुले काउंटर लगाने का निर्णय लिया है। मंगलवार को व्यापार मंडल की बैठक में काउंटरों के स्थान तय कर उनकी सूची प्रशासन को उपलब्ध कराई जाएगी।
सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी कविता मीना ने चीनी के भंडारण और वितरण को लेकर व्यापारियों के साथ बैठक की। बैठक में जिला गन्ना अधिकारी, गन्ना उपायुक्त, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला वाणिज्य कर अधिकारी, डीआरएम और जिले के प्रमुख चीनी व्यापारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने व्यापारियों को चीनी के भंडारण और बिक्री को लेकर सरकार की गाइडलाइन की जानकारी दी।
इसके तहत निर्धारित मानक के अनुसार चार हजार क्विंटल से अधिक चीनी का स्टॉक नहीं रखने और एक महीने के भीतर स्टॉक समाप्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
व्यापारियों ने रखा खुले काउंटर का प्रस्ताव
प्रमुख व्यापारी एवं वरिष्ठ व्यापारी नेता लाला अरुण कुमार ने बैठक में उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए खुले काउंटर लगाने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने व्यापारियों की ओर से नो प्रॉफिट-नो लॉस पर चीनी उपलब्ध कराने की पहल की। मंगलवार को होने वाली बैठक में जिले के अलग-अलग स्थानों पर काउंटर लगाने के लिए जगह चिह्नित की जाएगी। इसके बाद इसकी सूची प्रशासन को सौंपी जाएगी।
तीनों तहसीलों में जांच टीमें सक्रिय
चीनी की कीमत, स्टॉक और बिक्री पर निगरानी के लिए प्रशासन ने तीनों तहसीलों में एक-एक जांच टीम गठित की है। संबंधित तहसील के एसडीएम को टीम का अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, जिला पूर्ति अधिकारी डॉ. सीमा बालियान के नेतृत्व में छापामार और जांच टीमें भी गठित की गई हैं।
टीमें चीनी के स्टॉक और बिक्री की जांच करेंगी, ताकि कालाबाजारी, जमाखोरी और ओवररेटिंग पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
डीएम कविता मीना ने कहा कि व्यापारियों के साथ बैठक कर सरकार की गाइडलाइन से अवगत कराया गया है। निगरानी और जांच के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि अनावश्यक रूप से किसी को परेशान नहीं किया जाएगा, लेकिन कालाबाजारी और मुनाफाखोरी स्वीकार नहीं की जाएगी। खुले काउंटर लगाना व्यापारियों का स्वैच्छिक कदम है और प्रशासन इसका स्वागत करता है।
व्यापारी नेता लाला अरुण कुमार ने कहा कि चीनी की बढ़ती कीमतों को देखते हुए आम उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए वर्तमान भाव के आधार पर 60 रुपये किलो में चीनी उपलब्ध कराने के लिए काउंटर लगाने की पहल की गई है। इन काउंटरों पर थोक मूल्य पर चीनी की बिक्री कराई जाएगी।