बाढ़ प्रभावितों के बीच पहुंचीं डीएम कविता मीना, बुजुर्ग महिला से बोलीं- ‘देखती हूं, मेरे पास दवाई होगी’

चठ लटीरा में निरीक्षण के दौरान दिखा डीएम का संवेदनशील अंदाज, ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को दिए निर्देश

हापुड़। गढ़मुक्तेश्वर तहसील क्षेत्र में गंगा की बाढ़ से प्रभावित गांवों का जायजा लेने पहुंचीं जिलाधिकारी कविता मीना का संवेदनशील अंदाज सामने आया। ग्राम चठ लटीरा में निरीक्षण के दौरान एक बुजुर्ग महिला ने डीएम को अपनी तबीयत खराब होने की बात बताई। महिला ने बुखार आने की शिकायत की तो डीएम ने आत्मीयता से कहा, “देखती हूं, मेरे पास दवाई होगी।”

डीएम ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और राहत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने राहत शिविरों, राशन सामग्री और स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता की जानकारी ली तथा अधिकारियों को प्रभावित लोगों तक आवश्यक सुविधाएं पहुंचाने के निर्देश दिए।

बुजुर्ग महिला की तबीयत की जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमों को प्रभावित क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने और जरूरतमंदों को आवश्यक दवाइयां पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान डीएम का बुजुर्ग महिला से आत्मीय संवाद चर्चा का विषय बना रहा। ग्रामीणों ने प्रशासन के इस मानवीय रवैये की सराहना की।