
55 लाख से ज्यादा व्यूज मिलने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने कार जब्त की, युवक ने थाने में खुद साफ किए लिपस्टिक के निशान
ग्वालियर। सोशल मीडिया पर रील बनाकर लाइक और व्यूज बटोरने की चाह में ग्वालियर के एक युवक ने अपनी कार को ही अनोखे अंदाज में सजा दिया। कार की पूरी बॉडी पर लाल लिपस्टिक से करीब 3400 किस के निशान बनाए गए। कार सड़क पर दौड़ी तो इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और महज एक दिन में इसे 55 लाख से अधिक व्यूज मिल गए। हालांकि, वायरल वीडियो के बाद ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कार को जब्त कर लिया।
कार मालिक आदित्य सिकरवार के अनुसार, यह पूरा प्रयोग इंस्टाग्राम पर ट्रेंड बनाने और फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए किया गया था। उसकी गर्लफ्रेंड ने विदेशी सोशल मीडिया ट्रेंड से प्रभावित होकर कार की पूरी बॉडी पर लिपस्टिक से किस के निशान बनाए थे। इस काम में करीब साढ़े तीन से चार घंटे लगे।
इसके बाद आदित्य कार लेकर सिटी सेंटर से थाटीपुर की ओर निकला। कार पर बने सैकड़ों लिपस्टिक निशानों ने सड़क पर लोगों का ध्यान खींचा। इसी दौरान किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो तेजी से वायरल हो गया।
वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
वीडियो सामने आने के बाद ग्वालियर ट्रैफिक पुलिस ने कार के नंबर के आधार पर जांच शुरू की। पुलिस ने थाटीपुर क्षेत्र से कार को बरामद कर लिया और चालक को थाने बुलाया।
ट्रैफिक सूबेदार अभिषेक रघुवंशी के मुताबिक, सोशल मीडिया पर वायरल स्विफ्ट कार के वीडियो का संज्ञान लेते हुए वाहन चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने युवक पर 5,500 रुपये का जुर्माना लगाया।
थाने में खुद साफ करने पड़े कार के निशान
पुलिस कार्रवाई के बाद युवक को अपनी गलती का अहसास हुआ। इसके बाद उसने थाने परिसर में ही कार पर बने लिपस्टिक के निशानों को पानी से धोकर अपने हाथों से साफ किया।
युवक ने पुलिस के सामने स्वीकार किया कि रील और सोशल मीडिया पर व्यूज हासिल करने के चक्कर में उसे यातायात नियमों के उल्लंघन का अंदाजा नहीं था।

यह मामला एक बार फिर सोशल मीडिया पर वायरल होने और ज्यादा लाइक-व्यूज हासिल करने की होड़ के बीच सड़क पर किए जाने वाले ऐसे प्रयोगों को लेकर सवाल खड़े करता है।