
मेरठ। आंध्र प्रदेश में एक ही परिवार के तीन लोगों की आत्महत्या के मामले में वांछित आरोपी को मेरठ पुलिस की स्वाट टीम ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी काकीनाडा से फरार होकर मेरठ में छिपा हुआ था। आंध्र प्रदेश पुलिस की सूचना पर मेरठ स्वाट टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया और बाद में सर्पवरम पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
गोदावरी पुल से तीन लोगों ने लगाई थी छलांग
पुलिस के मुताबिक, काकीनाडा जिले के पिठापुरम क्षेत्र में पंचायत राज विभाग में असिस्टेंट इंजीनियर तील्लापुडी नूकाराजू (61), उनकी पत्नी मीना (59) और बेटी सौजन्या (34) ने राजमुंदरी में गोदावरी नदी के पुल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली थी। परिवार के साथ मौजूद 10 वर्षीय बच्चे की जान बच गई थी।
सुसाइड नोट से सामने आया आरोपी का नाम
जांच के दौरान मिले सुसाइड नोट और अन्य तथ्यों के आधार पर पुलिस को काकीनाडा में राइफल शूटिंग अकादमी चलाने वाले शेख सादिक खान पर गंभीर आरोपों की जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर परिवार को कथित तौर पर मानसिक और आर्थिक रूप से प्रताड़ित करने, ब्लैकमेल करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप हैं।
आरोप है कि सौजन्या के पति की मौत के बाद सादिक ने परिवार से नजदीकी बढ़ाई और मदद करने के बहाने उनके संपर्क में आया। इसके बाद कथित रूप से दबाव और धमकी देकर बैंक खातों, आभूषणों और संपत्ति पर नियंत्रण करने का प्रयास किया गया।
आंध्र से भागकर मेरठ में छिपा था
मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए आंध्र प्रदेश से निकलकर मेरठ आ गया था। सर्पवरम पुलिस को उसके मेरठ में छिपे होने की जानकारी मिली, जिसके बाद आंध्र पुलिस ने मेरठ पुलिस से संपर्क किया।
इसके बाद स्वाट टीम नगर ने आरोपी की लोकेशन और गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई और उसे गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी शेख सादिक खान (26) काकीनाडा, आंध्र प्रदेश का रहने वाला है। उसके खिलाफ सर्पवरम थाने में बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद उसे सर्पवरम पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई आंध्र प्रदेश पुलिस कर रही है।