
पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र के सद्दीकपुरा मोहल्ले स्थित एक होटल में कथित तौर पर बच्चों से काम कराने का मामला सामने आया है। एक ग्राहक द्वारा बनाए गए वीडियो में दो बच्चे होटल में काम करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है।
वीडियो में एक बच्चा मेज साफ करता हुआ, जबकि दूसरा ग्राहकों को खाना परोसता दिखाई दे रहा है। दोनों बच्चों के होटल में काम करने का वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने होटल संचालक के खिलाफ जांच और कार्रवाई की मांग की है।
लोगों का कहना है कि जिन हाथों में किताब-कापियां होनी चाहिए, उनमें बच्चों से सफाई और खाना परोसने का काम कराया जा रहा है। लोगों ने बच्चों को काम से हटाकर शिक्षा से जोड़ने की भी मांग की है।
हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। बाल श्रम अधिकारी ने बताया कि वीडियो की जानकारी लेकर स्थल की जांच कराई जाएगी। बच्चों की उम्र और उनसे काम कराने की पुष्टि होने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।