अच्छेजा के पास अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को मारी टक्कर, युवक की मौत

कोतवाली नगर क्षेत्र के अच्छेजा गांव के पास एटीएम कॉलेज के निकट सड़क पार कर रहे बाइक सवार युवक को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक उत्तराखंड के नैनीताल जिले का रहने वाला था और नई दिल्ली जाने के लिए घर से निकला था।

नई दिल्ली जाने के लिए निकला था युवक

नैनीताल के खुशालपुर बुक्सा, छोई निवासी मदन गिरी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके भाई प्रेम गिरी चार अगस्त को घर से नई दिल्ली जाने के लिए निकले थे।

बताया गया कि हापुड़ के अच्छेजा गांव में एटीएम कॉलेज के पास सड़क पार करते समय तेज गति और लापरवाही से आए अज्ञात वाहन ने प्रेम गिरी को टक्कर मार दी। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग

मृतक के भाई के अनुसार, स्वजन अंतिम संस्कार में व्यस्त थे, जिसके चलते रिपोर्ट दर्ज कराने में देरी हुई। उन्होंने पुलिस से अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और अज्ञात वाहन चालक की तलाश की जा रही है।