CCSU छात्रा से दुष्कर्म का आरोप, आरोपी दरोगा के खिलाफ मुकदमा; तलाश में जुटी पुलिस

मेरठ में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (CCSU) की एक छात्रा ने पुलिस के दरोगा पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। छात्रा की लिखित शिकायत पर एसएसपी के निर्देश के बाद थाना भावनपुर में आरोपी दरोगा के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मुकदमा दर्ज होने के बाद से आरोपी दरोगा फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

दरोगा के साथी के फ्लैट पर बुलाने का आरोप

बताया जा रहा है कि आरोपी दरोगा ललित मेडिकल थाना क्षेत्र की तेजगढ़ चौकी पर तैनात था। आरोप है कि ड्यूटी के दौरान उसकी मुलाकात CCSU की छात्रा से हुई थी।

छात्रा का आरोप है कि दरोगा ने उसे अपने साथी दरोगा के फ्लैट पर बुलाया। वहां शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया गया। आरोप है कि बाद में दरोगा ने शादी करने से इनकार कर दिया।

एसएसपी से शिकायत के बाद दर्ज हुआ मुकदमा

छात्रा ने मामले में एसएसपी को लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। इसके बाद एसएसपी के निर्देश पर थाना भावनपुर में आरोपी दरोगा के खिलाफ बीएनएस की धारा 69 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी दरोगा मेडिकल थाना प्रभारी से छुट्टी लेकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

पुलिस जांच में जुटी

मेरठ के एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि शहर में तैनात एक दरोगा के खिलाफ भावनपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी दरोगा की तलाश की जा रही है।