
थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के गांव धनौरा में बृहस्पतिवार सुबह एक युवक ने कथित तौर पर पेट्रोल डालकर खुद को आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसने के बाद उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई। परिजनों और ग्रामीणों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव स्वजन को सौंप दिया।
कमरे में खुद को लगाई आग
गांव धनौरा निवासी राकेश त्यागी का 38 वर्षीय पुत्र सीटू उर्फ आशीष पिछले कई वर्षों से मानसिक रूप से परेशान था। स्वजन के अनुसार उसका उपचार भी चल रहा था।
बृहस्पतिवार सुबह वह घर से निकला और एक दुकान से लाइटर खरीदा। इसके बाद वह अपने चाचा जयभगवान के घर पहुंचा। आरोप है कि वहां एक कमरे में जाकर उसने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली।
कमरे से अचानक धुआं उठता देखकर स्वजन और आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई। लोगों ने आग बुझाने और युवक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह गंभीर रूप से झुलस गया और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने की जांच, पोस्टमार्टम से किया इनकार
घटना की सूचना मिलने पर थाना देहात प्रभारी पारस मलिक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जानकारी लेने के साथ ही स्वजन से पूछताछ की और घटना के कारणों के बारे में जानकारी जुटाई।
परिवार की ओर से शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया गया। इसके बाद ग्रामीणों और स्वजन की सहमति से पुलिस ने पंचनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिया। बाद में गमगीन माहौल में युवक का अंतिम संस्कार कर दिया गया।