
थाना हापुड़ नगर क्षेत्र की त्यागी कॉलोनी निवासी विवाहिता ने पति समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और गंभीर दुर्व्यवहार के आरोप लगाए हैं। आरोप है कि अतिरिक्त दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल, एक लाख रुपये और जेवरात की मांग पूरी न होने पर उसे तीन अगस्त को घर से निकाल दिया गया। इसके बाद 19 अगस्त को ससुराल पक्ष के लोग उसके मायके पहुंचे और वहां भी मारपीट व अभद्रता की। विवाहिता का आरोप है कि इसी दौरान उसके पति ने तीन बार तलाक कहा।
शादी के बाद से दहेज के लिए उत्पीड़न का आरोप
पीड़िता इमला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी दो मई 2024 को त्यागी कॉलोनी निवासी आस मोहम्मद के साथ हुई थी। मायके पक्ष ने शादी में करीब 10 लाख रुपये खर्च किए थे।
आरोप है कि शादी के बाद से ही पति आस मोहम्मद, ससुर इकबाल, ननद राशिदा, जेठानी मुनीशा और अफसाना कम दहेज लाने को लेकर उसका उत्पीड़न करने लगे। विवाहिता ने पति पर नशे में मारपीट करने और जबरन अप्राकृतिक संबंध बनाने का भी आरोप लगाया है।
बेटी के जन्म के बाद बढ़ी दहेज की मांग
तहरीर के अनुसार, करीब छह माह पहले बेटी के जन्म के बाद ससुराल पक्ष ने छुछक में बुलेट मोटरसाइकिल, एक लाख रुपये और अतिरिक्त जेवरात की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी नहीं होने पर आरोप है कि तीन अगस्त को विवाहिता को मारपीट कर केवल पहने हुए कपड़ों में घर से निकाल दिया गया।
मायके पहुंचकर मारपीट और अभद्रता का आरोप
विवाहिता के अनुसार, 19 अगस्त की सुबह करीब 10 बजे उसका पति और ससुराल पक्ष के अन्य लोग उसके मायके पहुंचे। उस समय वह अपनी मां और नाबालिग बहन के साथ घर पर थी।
आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने गाली-गलौच करते हुए उसके साथ मारपीट की और कपड़े फाड़ दिए। छह माह की बच्ची को छीनने का प्रयास भी किया गया, जिससे बच्ची को चोट लगने का आरोप है। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी धमकी देते हुए वहां से चले गए।
विवाहिता का आरोप है कि इसी दौरान उसके पति ने उसे तीन बार तलाक कहा।
एसपी से लगाई कार्रवाई की गुहार
पीड़िता के मुताबिक, घटना की सूचना डायल-112 पर दी गई थी। पुलिस मौके पर पहुंची और थाने में शिकायत देने के लिए कहा। आरोप है कि चौकी स्तर पर मामले को पारिवारिक विवाद बताते हुए कार्रवाई नहीं की गई।
इसके बाद विवाहिता ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर पति समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।