
सदर कोतवाली क्षेत्र की चंद्रलोक कॉलोनी में गोलगप्पे खा रहे दो भाइयों पर चार युवकों ने लाठी-डंडों और लोहे की सरिया से हमला कर दिया। हमले में सिर में गंभीर चोट लगने से एक भाई बेहोश हो गया। शोर सुनकर आसपास के लोगों के मौके पर पहुंचने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गोलगप्पे खाते समय पहुंचे चार युवक
आदर्श नगर कॉलोनी निवासी सुमित कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 12 अगस्त की शाम करीब साढ़े सात बजे वह अपने भाई अमन के साथ मोदीनगर रोड स्थित चंद्रलोक कॉलोनी के पास गोलगप्पे खा रहा था।
आरोप है कि इसी दौरान आदर्श नगर कॉलोनी निवासी करन, प्रशांत, मोहित और महेश लाठी-डंडे और लोहे की सरिया लेकर वहां पहुंच गए। आरोपियों ने दोनों भाइयों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
विरोध करने पर लाठी-डंडों और सरिया से हमला
सुमित के मुताबिक, गाली-गलौज का विरोध करने पर आरोपियों ने दोनों भाइयों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान लाठी-डंडों और लोहे की सरिया से हमला किया गया।
हमले में सिर में गंभीर चोट लगने के कारण पीड़ित बेहोश हो गया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
लोगों को आता देख धमकी देकर भागे आरोपी
दोनों भाइयों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके की ओर आने लगे। लोगों को आता देख आरोपी दोनों भाइयों को जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए।
इसके बाद परिजनों ने घायल भाइयों को अस्पताल में भर्ती कराया। देर रात उपचार के दौरान पीड़ित को होश आया।
चार नामजद आरोपियों पर मुकदमा दर्ज
एसएचओ सदर मनीष चौहान ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर करन, प्रशांत, मोहित और महेश के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।