स्वतंत्रता दिवस के कारण बदला संपूर्ण समाधान दिवस का कार्यक्रम, अब 17 अगस्त को होगा आयोजन

स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त 2026 को शनिवार के दिन पड़ने के कारण प्रदेश की तहसीलों में आयोजित होने वाला संपूर्ण समाधान दिवस अब 17 अगस्त, सोमवार को आयोजित किया जाएगा। शासन ने इसके संबंध में सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।

15 अगस्त के स्थान पर 17 अगस्त को होगा आयोजन

शासन की ओर से 16 अगस्त 2026 को जारी पत्र में कहा गया है कि प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय शनिवार को तहसील मुख्यालय पर सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया जाता है।

इस बार 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस होने के कारण शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया जाना संभव नहीं है। इसी के चलते कार्यक्रम को अगले सोमवार के लिए निर्धारित किया गया है।

17 अगस्त को सुबह 11:30 बजे के बाद होगा समाधान दिवस

शासन के निर्देश के अनुसार 15 अगस्त के स्थान पर 17 अगस्त 2026, सोमवार को पूर्वाह्न 11:30 बजे के बाद संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया जाएगा।

संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि शासनादेश संख्या-वी0आई0पी0-01/एक-4-2022-11जी-4/12 दिनांक 29 अप्रैल 2022 में जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्यक्रम का आयोजन और अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।

सभी संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश

पत्र में समस्त अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव, आयुक्त एवं सचिव राजस्व परिषद, पुलिस महानिदेशक, विभागाध्यक्ष, मंडलायुक्त तथा जिलाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

इस बदलाव के चलते अब तहसील स्तर पर फरियादियों की समस्याओं के समाधान के लिए संपूर्ण समाधान दिवस 17 अगस्त को आयोजित किया जाएगा।