कार में मिला युवक का शव, शराब के अधिक सेवन से मौत की आशंका; पोस्टमार्टम से होगी पुष्टि

थाना बाबूगढ़ क्षेत्र में कुचेसर चौपला के पास सर्विस रोड पर खड़ी कार से 26 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया। युवक अपनी बहन के यहां सिंधारा देने के लिए गौतमबुद्धनगर गया था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रथम दृष्टया अत्यधिक शराब के सेवन के कारण मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।

बहन के यहां सिंधारा देने गया था युवक

गांव शकरपुर निवासी 26 वर्षीय अरुण पुत्र जोगिंद्र 14 अगस्त को अपनी कार से गौतमबुद्धनगर के थाना बादलपुर क्षेत्र स्थित गांव बंबावड़ में अपनी बहन नेहा के यहां सिंधारा देने गया था।

परिजनों के अनुसार, इसी दौरान अरुण ने परिवार के एक व्यक्ति से फोन पर बातचीत की थी। बताया गया कि उस समय वह काफी शराब के नशे में था और ज्यादा बातचीत नहीं कर सका।

कुचेसर चौपला के पास कार में मिला शव

इसके बाद परिजनों को जानकारी मिली कि अरुण की कार कुचेसर फ्लाईओवर के पास सर्विस रोड पर खड़ी है। जब मौके पर पहुंचकर देखा गया तो अरुण कार के अंदर मृत अवस्था में मिला।

घटना की सूचना तत्काल बाबूगढ़ थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रवीन कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

पुलिस ने शव को सिखैड़ा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। इसके साथ ही फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

युवक की मौत की सूचना मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया। परिजन घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचे।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह

सीओ सिटी अनीता चौहान ने बताया कि प्रथम दृष्टया अत्यधिक शराब के सेवन के कारण युवक की मौत होने की बात सामने आ रही है। हालांकि मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट करने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी।