एग्रोक्लाइमेटिक जोन स्तरीय तीन दिवसीय मेले के अन्तिम दिन कई जनपदों के कृषको द्वारा किया गया प्रतिभाग


मेरठ। – बुधवार को एग्रोक्लाइमेटिक जोन स्तरीय तीन दिवसीय मेले के अन्तिम दिन जनपद-मेरठ, मुजफ्फरनगर, शामली, बुलन्दशहर, गाजियाबाद, हापुड के कृषको द्वारा प्रतिभाग किया गया। किसान मेले में आरपी तिवारी द्वारा प्रधानमन्त्री फसल बीमा योजना, डा0 प्रदीप कुमार, प्रभारी मृदा परीक्षण लैब मेरठ द्वारा मृदा परीक्षण की महत्ता, सूक्ष्म तत्वो का महत्व के विषय में जानकारी उपलब्ध कराई गयी आईआईएफएसआर मोदीपुरम के कृषि वैज्ञानिक डा० चन्द्रभानु द्वारा गन्ने की फसल के लाल सडन रोग के प्रबन्धन हेतु सीडी-238 प्रजाति को अन्य प्रजातियों से रीप्लेस करने तथा गन्ने के चोटी बेधक कीट के प्रबन्धन हेतु ट्राई कार्ड लगाने का सुझाव दिया गया। कृषि में आय बढ़ाने हेतु फसल विविधीकरण करने का सुझाव दिया गया। कृषि वैज्ञानिक, सरदार बल्लभ भाई पटेल कृषि वि0वि0 डा० आर बी यादव द्वारा सरसों, गेहूं तथा अन्य समसामयिक फसलों की उत्पादकता बढाने हेतु तकनीकी बिदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। कृषको द्वारा उठाई गयी तकनीकी समस्याओ का समाधान भी कृषि वैज्ञानिको द्वारा किया गया। सेवानिवृत्त संयुक्त निदेशक नियोजन, डा० एस० एस० सिरोही द्वारा मिलेट्स फसलो का महत्व, उनकी पौष्टिकता तथा फसले उगाने हेतु तकनीकी बिन्दुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। डा0 सिरोही द्वारा कृषकों से कृषि के साथ पशुपालन, मधुमक्खी पालन व मत्स्य पालन आदि करके अपनी आय बढाने का सुझाव दिया गया। समापन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व सांसद श्री राजेन्द्र अग्रवाल द्वारा मा० भू० पू० प्रधानमंत्री स्व0 चौ0 चरण सिंह जी को श्रद्धांजली अर्पित करते हुए फसलो के साथ अन्य व्यवसाय करके अपनी आय में वृद्धि करने का सुझाव दिया गया। किसान मेले में कृषि एवं सम्बद्ध विभागो तथा कीटनाशी, उर्वरक कृषि यन्त्र निर्माता/विक्रेताओ द्वारा स्टाल लगाए गए। वर्ष 2024-25 में कस्टम हायरिंग सेन्टर के लाभार्थी श्री वेदप्रकाश, खरखौदा तथा श्री  कृष्णपाल अखत्यारपुर को ट्रेक्टर की चाबी भेंट की गई। किसान मेले में उत्कृष्ठ स्टाल लगाने वाले विभागो/ प्रतिष्ठानों को भी पुरस्कृत किया गया। किसान मेले में संयुक्त कृषि निदेशक, मेरठ मण्डल अशोक कुमार यादव व जिला कृषि रक्षा आधिकारी अमरपाल, बीईडीएफ के कृषि वैज्ञानिक डा0 रितेश शर्मा भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला कृषि अधिकारी, मेरठ  राजीव कुमार सिंह, विकास पंवार वि0व0वि0 द्वारा किया गया। उप कृषि निदेशक, मेरठ  नीलेश चौरासिया द्वारा भी जनपदो के कृषको, विभागीय व सम्बद्ध विभागों के अधिकारियो/कर्मचारियों का मेले सहयोग करने हेतु आभार व्यक्त करते हुए मेले में समापन किया गया।