7 अक्टूबर को दिल्ली में जुटेगी एसएमए की राष्ट्रीय टीम, संगठन विस्तार पर होगा मंथन

सितंबर में होगी कोर कमेटी की अगली बैठक, कई राज्यों में प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति पर भी फैसला संभव मेरठ, 22 अगस्त।

सोशल मीडिया की बढ़ती ताकत और बदलते मीडिया परिदृश्य के बीच सोशल मीडिया एसोसिएशन (एसएमए) ने संगठन के देशव्यापी विस्तार की तैयारियां तेज कर दी हैं। एसएमए की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक 7 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित की जाएगी। शुक्रवार को दिल्ली में हुई कोर कमेटी की बैठक में यह निर्णय लिया गया।

एसएमए के नेशनल चेयरमैन सुनील डांग की अध्यक्षता में इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में हुई बैठक में सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव, संगठन के विस्तार और अधिक से अधिक पत्रकारों को एसएमए से जोड़ने को लेकर चर्चा हुई। तय किया गया कि अक्टूबर में होने वाली राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में संगठन के राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार के साथ कई राज्यों में नई जिम्मेदारियां भी सौंपी जा सकती हैं।

सोशल मीडिया पत्रकारों को जोड़ने पर जोर

एसएमए के संस्थापक अध्यक्ष रवि कुमार विश्नोई ने कहा कि सोशल मीडिया आज सूचना के प्रभावी माध्यमों में शामिल हो चुका है। ऐसे में संगठन को मजबूत करने और सोशल मीडिया के माध्यम से पत्रकारिता करने वाले अधिक से अधिक पत्रकारों को एसएमए से जोड़ने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि संगठन के विस्तार से समाज के अंतिम पायदान तक खबर और जरूरी सूचनाएं तेजी से पहुंचाने में मदद मिलेगी।

कई राज्यों में बनाए जा सकते हैं प्रदेश अध्यक्ष

बैठक में उन राज्यों में संगठन को सक्रिय करने पर भी चर्चा हुई, जहां अभी एसएमए के प्रदेश अध्यक्ष नहीं हैं। अक्टूबर में होने वाली राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में ऐसे राज्यों के लिए प्रदेश अध्यक्षों की घोषणा किए जाने की संभावना है।

इसके अलावा राष्ट्रीय कार्यकारिणी में नए सदस्यों को शामिल कर संगठन का दायरा बढ़ाने पर भी निर्णय लिया जा सकता है।

सितंबर में फिर होगी कोर कमेटी की बैठक

एसएमए के संगठन मंत्री सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि अक्टूबर की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए सितंबर में दिल्ली में कोर कमेटी की एक और बैठक आयोजित की जाएगी।

इस बैठक में विभिन्न राज्यों में प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति, राष्ट्रीय कार्यकारिणी के विस्तार और प्रदेश स्तर पर संगठन की गतिविधियों को बढ़ाने की रूपरेखा पर चर्चा होगी।

इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में हुई बैठक

एसएमए के संस्थापक राष्ट्रीय महामंत्री अंकित बिश्नोई ने बताया कि कोर कमेटी की बैठक इंडिया इंटरनेशनल सेंटर के कमला देवी ब्लॉक, गेट नंबर एक के पास स्थित सभागार में हुई। बैठक में संगठन के विभिन्न पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। बैठक का संचालन अंकित बिश्नोई ने किया।