दरोगा और सिपाही पर जानलेवा हमला, वर्दी फाड़ी

कांस्टेबल का गला घोंटने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप, पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लिया

सिंभावली। थाना सिंभावली क्षेत्र के गांव बंगोली के निकट गश्त के दौरान एक व्यक्ति द्वारा उपनिरीक्षक और कांस्टेबल के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि व्यक्ति ने पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज करते हुए जानलेवा हमला किया और कांस्टेबल का गला घोंटने का प्रयास किया। घटना में दोनों पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

सिंभावली थाने में तैनात उपनिरीक्षक पिंकू कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार को वह कांस्टेबल अक्षय कुमार के साथ क्षेत्र में गश्त और शांति व्यवस्था की ड्यूटी पर थे। गांव बंगोली से गंगा एक्सप्रेसवे की ओर जाते समय रास्ते में एक व्यक्ति आने-जाने वाले लोगों के साथ गाली-गलौज कर उन्हें परेशान करता मिला।

पुलिसकर्मियों ने व्यक्ति को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि वह नहीं माना और सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए पुलिसकर्मियों से भिड़ गया। आरोपित ने कांस्टेबल अक्षय कुमार पर हमला कर उसका गला घोंटने का प्रयास किया। उपनिरीक्षक पिंकू कुमार ने किसी तरह कांस्टेबल को बचाया।

इसके बाद आरोपित ने उपनिरीक्षक पर भी हमला कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। मारपीट में दोनों पुलिसकर्मियों की गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। आरोप है कि इस दौरान वर्दी भी फाड़ दी गई।

घटना की सूचना मिलने पर अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आरोपित को काबू कर हिरासत में ले लिया।

दोनों पुलिसकर्मियों का कराया जाएगा मेडिकल

थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद चौधरी ने बताया कि गश्त के दौरान एक व्यक्ति ने पुलिसकर्मियों पर हमला किया था। घटना में उपनिरीक्षक पिंकू कुमार और कांस्टेबल अक्षय कुमार को चोटें आई हैं। उपनिरीक्षक की तहरीर के आधार पर आरोपित के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। दोनों पुलिसकर्मियों का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।