हापुड़ में जिला स्वास्थ्य समिति की मासिक समीक्षा बैठक, स्वास्थ्य सेवाओं को और प्रभावी बनाने के निर्देश

हापुड़। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिला स्वास्थ्य समिति (डीएचएस) की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं, संचारी रोग नियंत्रण, टीकाकरण, संस्थागत प्रसव तथा विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) एवं उपकेंद्रों पर चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। साथ ही ओपीडी एवं आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं 24 घंटे सातों दिन सुचारू रूप से संचालित हों, ताकि आमजन को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

संचारी रोगों की रोकथाम को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए। डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया तथा अन्य संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए एंटी-लार्वा छिड़काव और फॉगिंग अभियान में तेजी लाने पर जोर दिया गया। इसके अलावा विद्यालयों में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों एवं आमजन को रोगों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अधिकारियों से कहा गया कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप सभी स्वास्थ्य योजनाओं एवं कार्यक्रमों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें और स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाएं।

Please follow and like us: