ट्रांसफार्मर ठीक करने के दौरान करंट की चपेट में आया संविदाकर्मी, परिजनों ने रंजिशन बिजली चालू करने का लगाया आरोप
सिंभावली। सिंभावली थाना क्षेत्र के गांव हरोड़ा में शनिवार को ट्रांसफार्मर पर काम करने के दौरान करंट की चपेट में आए ऊर्जा निगम के संविदाकर्मी की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान हरोड़ा निवासी भीम उर्फ पप्पन (30) के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं मृतक के भाई ने बिजलीघर पर तैनात एक एसएसओ पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे हादसा नहीं, बल्कि रंजिशन की गई हत्या बताया है।
मृतक के भाई राकेश ने सिंभावली थाने में तहरीर देकर नामजद कार्रवाई की मांग की है। उसका आरोप है कि आरोपी एसएसओ उसके भाई से पुरानी रंजिश रखता था और इसी के चलते शटडाउन लेने के बावजूद बिजली की आपूर्ति दोबारा चालू कर दी गई। इससे ट्रांसफार्मर पर काम कर रहा भीम करंट की चपेट में आ गया।
शिकायत के बाद ट्रांसफार्मर ठीक करने गया था भीम
परिजनों के अनुसार भीम उर्फ पप्पन हरोड़ा बिजलीघर पर संविदा लाइनमैन के पद पर कार्यरत था। शनिवार सुबह गांव के जंगल क्षेत्र में स्थित एक ट्रांसफार्मर में खराबी की शिकायत मिली थी। इसके बाद भीम को उसे ठीक करने के लिए मौके पर भेजा गया।
बताया गया कि ट्रांसफार्मर पर काम शुरू करने से पहले सुरक्षा के मद्देनजर संबंधित बिजलीघर से शटडाउन लिया गया था। इसके बाद भीम ट्रांसफार्मर पर चढ़कर लाइन ठीक करने लगा। इसी दौरान अचानक बिजली का करंट दौड़ गया और वह गंभीर रूप से झुलस गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण भीम को उपचार के लिए हापुड़ के अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
भाई ने रंजिश के चलते बिजली चालू करने का लगाया आरोप
भीम की मौत के बाद उसके भाई राकेश ने बिजलीघर पर तैनात एसएसओ पर गंभीर आरोप लगाए। तहरीर में उसने कहा कि आरोपी गांव का ही रहने वाला है और उसके भाई से रंजिश रखता था।
राकेश का आरोप है कि भीम ने आरोपी के कुछ कथित अनैतिक कार्यों की शिकायत जेई से की थी। इसी कारण दोनों के बीच मनमुटाव चल रहा था। उसका दावा है कि शनिवार को भीम को ट्रांसफार्मर पर काम करने भेजे जाने के बाद उसने शटडाउन लिया था, लेकिन कथित तौर पर रंजिश के चलते बिजली आपूर्ति दोबारा चालू कर दी गई।
आरोप है कि बिजली आपूर्ति बहाल होने के कारण ट्रांसफार्मर पर काम कर रहा भीम करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। अस्पताल ले जाने के बाद उसकी मौत हो गई।
हादसा या साजिश, जांच में सामने आएगा सच
संविदाकर्मी की मौत के बाद मुख्य सवाल शटडाउन के बावजूद बिजली आपूर्ति दोबारा शुरू होने को लेकर उठ रहा है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि बिजली आपूर्ति तकनीकी चूक या विभागीय लापरवाही के कारण बहाल हुई या किसी व्यक्ति ने जानबूझकर लाइन चालू की।
पुलिस शटडाउन की प्रक्रिया, बिजली आपूर्ति बहाल होने के कारण और घटनास्थल की परिस्थितियों की भी जांच करेगी।
आरोप सही मिले तो होगी कार्रवाई
सीओ राहुल यादव ने बताया कि मृतक के भाई की ओर से तहरीर दी गई है। तहरीर के आधार पर मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में लगाए गए आरोपों की सत्यता सामने आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
परिवार में मचा कोहराम
भीम उर्फ पप्पन की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार भीम ऊर्जा निगम में संविदा पर काम कर परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। उसकी मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है।
परिजनों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने और आरोप सही पाए जाने पर जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

