गाजियाबाद। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता पंडित नरेंद्र भारद्वाज के ज्येष्ठ पुत्र एवं कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता और गाजियाबाद लोकसभा क्षेत्र से प्रत्याशी रहीं डोली शर्मा के भाई पंडित सचिन भारद्वाज की चौथी पुण्यतिथि पर वसुंधरा-प्रहलाद गढ़ी स्थित संसारा वेंकट हॉल में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हजारों लोगों ने पहुंचकर पंडित सचिन भारद्वाज को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धा और सम्मान के साथ याद किया।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि पंडित सचिन भारद्वाज अपने परिवार के साथ-साथ समाज के लिए भी संवेदनशील, सरल और मिलनसार व्यक्तित्व के धनी थे। सामाजिक कार्यों में उनकी सक्रिय भूमिका और जरूरतमंदों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहने की भावना को लोगों ने विशेष रूप से याद किया।
उपस्थित लोगों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि सचिन भारद्वाज ने एक विश्वासपात्र मित्र, समर्पित भाई, जिम्मेदार पारिवारिक सदस्य और समाजसेवी के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई थी। उनके सहज व्यवहार, आत्मीयता और लोगों के प्रति अपनापन आज भी परिचितों और शुभचिंतकों के बीच याद किया जाता है।
कार्यक्रम के दौरान माहौल भावुक हो गया। वक्ताओं ने कहा कि किसी व्यक्ति का जीवन भले ही सीमित हो, लेकिन उसके अच्छे कर्म, व्यवहार और समाज के प्रति योगदान उसे हमेशा लोगों की स्मृतियों में जीवित रखते हैं। सचिन भारद्वाज भी अपने सामाजिक सरोकारों और मधुर व्यवहार के कारण आज भी लोगों के दिलों में बसे हुए हैं।
परिजनों ने पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि सचिन भारद्वाज की स्मृतियां परिवार और समाज के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेंगी। कार्यक्रम में पहुंचे लोगों ने उनके मानवीय मूल्यों और सामाजिक भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
चौथी पुण्यतिथि पर उमड़ी भीड़ को उनके परिचितों ने सचिन भारद्वाज द्वारा जीवन में बनाए गए आत्मीय रिश्तों और विश्वास की गवाही बताया। लोगों ने कहा कि उनके निधन के बाद भी उनकी यादें और सामाजिक योगदान लोगों के बीच जीवंत हैं।
ये गणमान्य लोग रहे मौजूद
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पूर्व आईएएस विमल शर्मा, कंप्यूटर बाबा नामदेव त्यागी, कल्कि धाम के पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम, आचार्य श्रीराम कृपाल उपाध्याय, उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, पूर्व सांसद रमेश चंद्र तोमर, विधायक अजीत पाल त्यागी, पूर्व विधायक अनिल भारद्वाज, दिल्ली-हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के वर्किंग प्रेसिडेंट जितेंद्र भारद्वाज, पूर्व विधायक सुरेंद्र मुनि, पूर्व विधायक सुदेश शर्मा, पूर्व विधायक अमरपाल शर्मा, पूर्व विधायक रूप चौधरी, पूर्व विधायक बंसी सिंह पहाड़िया, पूर्व मंत्री रामकुमार बलिया, पूर्व मेयर आशा शर्मा, पंडित पीतांबर शर्मा और पूर्व मंत्री सतीश शर्मा समेत अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
