प्लॉट के नाम पर 31.80 लाख की ठगी का आरोप, बैनामा कराने पहुंची महिला को धमकी; कोर्ट के आदेश पर 6 के खिलाफ FIR

Hapur News :- हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र में प्लॉट खरीदने के नाम पर लाखों रुपये लेने के बाद बैनामा नहीं कराने का मामला सामने आया है। बुर्ज मोहल्ला निवासी महिला ने प्रॉपर्टी डीलरों समेत छह लोगों पर प्लॉट बेचने के नाम पर 31.80 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि रकम देने के बाद जब उसने प्लॉट का बैनामा कराने के लिए कहा तो उसके साथ अभद्रता की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। स्थानीय स्तर पर शिकायत के बाद कार्रवाई नहीं होने पर महिला ने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर नगर कोतवाली पुलिस ने एक महिला समेत छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्रॉपर्टी डीलरों ने बताया था 611 वर्ग मीटर का प्लॉट

बुर्ज मोहल्ला निवासी रजनी गुप्ता के अनुसार, उन्हें आवासीय प्लॉट की जरूरत थी। उनका आरोप है कि प्रॉपर्टी डीलर पवन गोयल और पंकज बंसल को इसकी जानकारी थी। 23 फरवरी 2024 को पंकज बंसल ने उन्हें गांव असौड़ा के खसरा संख्या-661 में स्थित 611 वर्ग मीटर के आवासीय प्लॉट के बारे में बताया।

महिला अपने पुत्र सागर के साथ पवन गोयल के सूर्य विहार स्थित कार्यालय पहुंचीं। शिकायत के अनुसार, वहां गांव असौड़ा निवासी शाहआलम और अनीस अहमद तथा मेरठ के गांव खंद्रावली निवासी राहत अली और जीशान भी मौजूद थे।

5200 रुपये प्रति वर्ग मीटर में सौदा तय होने का आरोप

महिला के मुताबिक, कार्यालय में मौजूद शाहआलम ने बताया कि प्लॉट के मालिक उसके पिता शेर अली, अनीस अहमद, राहत अली, जीशान और उसकी मां वरीसा हैं। आरोप है कि प्रॉपर्टी डीलरों की मौजूदगी में प्लॉट का सौदा 5200 रुपये प्रति वर्ग मीटर की दर से तय हुआ।

महिला के अनुसार, 29 अप्रैल 2024 को उसके और उसके पति के बैंक खातों से आरटीजीएस समेत अन्य माध्यमों से तीन बार में 10.60 लाख रुपये शेर अली, राहत अली, जीशान और वरीसा के खातों में ट्रांसफर किए गए। महिला का दावा है कि कुल लेनदेन और बकाया रकम को लेकर आरोपियों से लगातार संपर्क किया जाता रहा, लेकिन बाद में बैनामा कराने में टालमटोल शुरू कर दी गई।

रजिस्ट्री कार्यालय पहुंची महिला, आरोपी नहीं आए

रजनी गुप्ता का आरोप है कि 31 जुलाई 2024 को वह अपने पुत्र के साथ प्लॉट का बैनामा कराने के लिए रजिस्ट्रार कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने आरोपियों का इंतजार किया, लेकिन वे रिश्तेदारी में मौत होने की बात कहते हुए वहां नहीं पहुंचे।

महिला के अनुसार, इसके बाद उसने आरोपियों से प्लॉट का बैनामा करने के लिए कहा। आरोप है कि इस दौरान उसके साथ अभद्रता की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।

पुलिस से शिकायत के बाद न्यायालय पहुंची महिला

पीड़िता के अनुसार, उसने मामले की शिकायत स्थानीय पुलिस और पुलिस अधीक्षक से भी की, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। इसके बाद उसने न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया।

न्यायालय के आदेश के बाद नगर कोतवाली पुलिस ने एक महिला समेत छह व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।

सीओ अनीता चौहान ने बताया

सीओ अनीता चौहान ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर एक महिला समेत छह व्यक्तियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Please follow and like us: