
Hapur News :- नगर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में बहन की ससुराल में जच्चा-बच्चा की देखभाल के लिए आई 17 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। किशोरी के पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने किशोरी का मेडिकल परीक्षण भी कराया है।
बहन के प्रसव के बाद देखभाल के लिए आई थी किशोरी
बुलंदशहर जिले के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि नगर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में उनकी बड़ी बेटी की ससुराल है। 24 जुलाई 2026 को उनकी बेटी ने एक पुत्र को जन्म दिया था।
जच्चा-बच्चा की देखभाल के लिए परिवार ने अपनी 17 वर्षीय छोटी बेटी को बड़ी बहन की ससुराल भेजा था। किशोरी वहीं रहकर अपनी बड़ी बहन और नवजात की देखभाल कर रही थी।
कमरे में ले जाकर दुष्कर्म का आरोप
पीड़िता के पिता के अनुसार, छह अगस्त की रात करीब नौ बजे बड़ी बेटी का देवर शनि कथित रूप से उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर कमरे में ले गया। आरोप है कि वहां उसने किशोरी के साथ जबरन दुष्कर्म किया।
शोर सुनकर बड़ी बहन के कमरे में पहुंचने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। किशोरी ने अपनी बड़ी बहन को पूरी घटना बताई, जिसके बाद बड़ी बेटी ने परिजनों को सूचना दी।
पिता ने कोतवाली पहुंचकर दर्ज कराई रिपोर्ट
घटना की जानकारी मिलने के बाद किशोरी के पिता अपने परिजनों के साथ बड़ी बेटी की ससुराल पहुंचे और किशोरी को अपने साथ लेकर नगर कोतवाली पहुंचे। वहां उन्होंने पुलिस को पूरे मामले की जानकारी देते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
सीओ अनीता चौहान ने बताया कि नगर कोतवाली पुलिस ने आरोपी शनि को दस्तोई रोड स्थित गोशाला के पास से गिरफ्तार कर लिया है। मामले में नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।