
देहात थाना क्षेत्र में गौरव त्यागी हत्याकांड के बाद तनाव के बीच पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्ष फिर आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट में पांच लोगों के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और मामले की जांच शुरू कर दी है।
गौरव त्यागी हत्याकांड के बाद पहले से तनाव
गौरतलब है कि गांव ददायरा और धनौरा के बीच गौरव त्यागी पर हमला किया गया था। हथौड़ों और धारदार हथियारों से किए गए हमले में घायल गौरव की मेरठ के हायर सेंटर में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। मामले में सात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पांच आरोपी अभी फरार हैं। फरार आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
मारपीट की सूचना से मचा हड़कंप
इसी बीच पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के आमने-सामने आने और मारपीट की सूचना से पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। घटना में पांच लोगों के घायल होने की बात सामने आई है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
गांव में पुलिस फोर्स तैनात
गौरव त्यागी हत्याकांड के बाद से गांव मोहम्मदपुर आजमपुर में पहले ही पुलिस बल तैनात है। कपूरपुर और बाबूगढ़ थाने की पुलिस फोर्स गांव में डेरा डाले हुए है। पुलिस अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।
पुरानी रंजिश को लेकर पुलिस कर रही जांच
पुलिस दोनों पक्षों से जुड़े घटनाक्रम और मारपीट के कारणों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।