
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में 14 वर्षीय किशोरी को घर में अकेला पाकर तमंचे के बल पर दुष्कर्म किए जाने का आरोप सामने आया है। किशोरी के परिजनों ने गांव निवासी शाकिब पर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद कुछ हिंदू संगठनों के पदाधिकारी भी कोतवाली पहुंचे और कार्रवाई की मांग की।
मां के घर से बाहर जाने के दौरान घटना का आरोप
पीड़िता के पिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह नोएडा में काम करते हैं, जबकि घर पर उनकी पत्नी और 14 वर्षीय बेटी रहती है। आरोप है कि घटना के समय किशोरी की मां चारा लेने के लिए जंगल गई हुई थी। इसी दौरान शाकिब कथित तौर पर घर पहुंचा और किशोरी को अकेला देखकर तमंचा दिखाकर डराया।
आरोप है कि इसके बाद उसने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया और किसी को घटना बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
मां ने बेटी की हालत देखकर पूछी जानकारी
पीड़िता की मां के वापस लौटने पर उसने बेटी की हालत देखकर घटना के बारे में पूछा। किशोरी द्वारा पूरी बात बताए जाने पर मां कथित आरोपी के घर शिकायत करने पहुंची। आरोप है कि वहां शाकिब ने उसके साथ मारपीट की।
इसके बाद महिला ने अपने पति को पूरी घटना की जानकारी दी। पीड़िता के पिता ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
संगठन के पदाधिकारी भी पहुंचे कोतवाली
घटना की जानकारी मिलने के बाद बजरंग दल के नगर संयोजक अधिवक्ता लोकेेंद्र कुमार के नेतृत्व में कुछ हिंदू संगठनों के पदाधिकारी भी कोतवाली पहुंचे। उन्होंने मामले में उचित कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने कहा- धाराओं में किया जाएगा बदलाव
कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि प्रारंभ में छेड़छाड़ की शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई थी। अब दुष्कर्म का आरोप सामने आया है। पुलिस के अनुसार, मामले में आवश्यक धाराओं में तरमीम की जाएगी और जांच के आधार पर कार्रवाई होगी।