हापुड़ में प्लाट के लिए महिला से मारपीट का आरोप, भाई-भाभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज

हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला लज्जापुरी में प्लाट को अपने नाम कराने के विवाद को लेकर एक महिला ने अपने बड़े भाई और भाभी पर मारपीट, गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर नगर कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। महिला ने पुलिस से अपनी जान-माल की सुरक्षा की भी गुहार लगाई है।

कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला लज्जापुरी निवासी सुधा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका लज्जापुरी में अपना मकान है, जहां वह अकेली रहती हैं। उनके पति ड्यूटी के कारण बाहर रहते हैं। पीड़िता का आरोप है कि उनके बड़े भाई सचिन और उसकी पत्नी प्रियंका द्वारा लगातार उनके साथ गाली-गलौज, अभद्र व्यवहार और मारपीट की जाती है।

पीड़िता के अनुसार, 15 जुलाई को भी सचिन और प्रियंका ने मिलकर मार्केट में उनके साथ मारपीट और बदतमीजी की, जिससे वह घायल हो गई थीं। इस दौरान उनके बड़े भाई सुनील उन्हें बचाने के लिए पहुंचे तो आरोप है कि सचिन ने उनके साथ भी गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया।

सुधा का आरोप है कि उनके नाम करीब 100 गज का प्लाट है और उनका बड़ा भाई सचिन इस प्लाट को अपने नाम कराने के लिए लगातार दबाव बना रहा है। जब वह प्लाट उसके नाम करने से इनकार करती हैं तो आरोपी उनके साथ विवाद करते हुए गाली-गलौज और मारपीट करता है।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि अब सचिन की ओर से उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है। इसके अलावा उनके मकान पर आकर मारपीट करने और नुकसान पहुंचाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। महिला ने पुलिस को बताया कि इन घटनाओं के चलते उन्हें अपनी जान और संपत्ति की सुरक्षा को लेकर गंभीर भय बना हुआ है।

पीड़िता ने पुलिस से मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ ही सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने यह भी कहा है कि भविष्य में उनके साथ किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना होती है तो उसमें आरोपियों की भूमिका की जांच की जाए।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।