
थाना हाफिजपुर क्षेत्र के गांव सादिकपुर स्थित एक मोबाइल टावर से चोर लाखों रुपये कीमत का जंफर, सिपरी समेत अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए। कंपनी कर्मचारी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रात में टावर से सामान ले गए चोर
मेरठ के थाना परतापुर क्षेत्र स्थित इंद्रापुरम कॉलोनी निवासी भूपेंद्र कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी कंपनी का मोबाइल टावर गांव सादिकपुर में लगा हुआ है।
उनके अनुसार, 30 जुलाई की देर रात चोर टावर पर लगे जंफर, सिपरी और अन्य सामान चोरी कर ले गए। 31 जुलाई की सुबह जब वह टावर पर पहुंचे तो चोरी की जानकारी हुई।
डायल-112 पर दी सूचना
घटना की जानकारी मिलने के बाद कंपनी कर्मचारी ने तत्काल डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर घटना से संबंधित जानकारी जुटाई।
इसके बाद भूपेंद्र कुमार थाने पहुंचे और पुलिस को लिखित शिकायत दी।
चोरों की तलाश में जुटी पुलिस
सीओ मुनीश चंद्र ने बताया कि कंपनी कर्मचारी की तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने और चोरी की घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।