बस में चढ़ते ही महिला के पर्स से 90 हजार रुपये चोरी, चार महिलाओं पर केस

थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के ततारपुर बाइपास चौराहे पर बस में चढ़ते समय एक महिला के पर्स से 90 हजार रुपये चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने चार महिलाओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बस में चढ़ते ही चारों महिलाएं पीछे से हुईं सवार

न्यू शिवपुरी निवासी सोनिका जैन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सात अगस्त को वह ततारपुर बाइपास चौराहे पर बस का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान चार महिलाएं उनके पास खड़ी थीं।

महिला के अनुसार, बस के रुकने पर जैसे ही वह उसमें सवार हुईं, चारों महिलाएं भी उनके पीछे बस में चढ़ गईं। आरोप है कि इसी दौरान चारों ने उनके पर्स से 90 हजार रुपये चोरी कर लिए।

सीसीटीवी फुटेज में नजर आईं संदिग्ध महिलाएं

रुपये गायब होने की जानकारी होने पर सोनिका जैन ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और महिला को फुटेज दिखाई।

पीड़िता ने फुटेज में चारों महिलाओं को पहचानने का दावा किया है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिलाओं की पहचान और उनकी गतिविधियों की जांच कर रही है।

गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी पुलिस

सीओ अनीता चौहान ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर चार महिलाओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कराई जा रही है। पुलिस का कहना है कि महिलाओं की गिरफ्तारी के बाद मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।

Please follow and like us: