
थाना हाफिजपुर क्षेत्र के गांव गिरधरपुर में गाली-गलौज के बाद हुए विवाद में एक व्यक्ति पर लाठी-डंडों से हमला करने का मामला सामने आया है। मारपीट में सिर में गंभीर चोट लगने से राजेंद्र घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें नगर के गढ़ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
गाली-गलौज के बाद लाठी-डंडों से हमला
गांव गिरधरपुर निवासी राजेंद्र ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुधवार शाम पड़ोस में रहने वाले नरेश, गौरव, नरेश की पुत्री पूजा, माचो और प्रज्ञा ने उनके साथ गाली-गलौज की।
आरोप है कि विरोध करने पर सभी ने लाठी-डंडों से राजेंद्र के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में उनके सिर में गंभीर चोट आई और वह घायल होकर गिर पड़े।
शोर सुनकर पहुंचे परिजन, आरोपी धमकी देकर फरार
मारपीट की आवाज सुनकर राजेंद्र के परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि लोगों को आता देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
इसके बाद परिजनों ने घायल राजेंद्र को नगर के गढ़ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश
सीओ मुनीश चंद्र ने बताया कि राजेंद्र की तहरीर के आधार पर मामले में पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने नरेश और गौरव को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।