
उपनिदेशक (पंचायत) के निर्देशन में जनपद हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर विकासखंड सभागार में पंचायत डेवलपमेंट प्लान (PDP) विषय पर ग्राम पंचायतों के पंचायत सहायकों और सचिवों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख एवं खंड विकास अधिकारी विजय कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया।
आत्मनिर्भर आदर्श गांव बनाने का किया आह्वान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्लॉक प्रमुख विजय कुमार ने पंचायत प्रतिनिधियों से गांवों को आत्मनिर्भर और आदर्श बनाने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और जनसहभागिता ग्रामीण विकास की आधारशिला है।
जनभागीदारी से तैयार हो पंचायत विकास योजना
खंड विकास अधिकारी विजय कुमार ने पंचायत सहायकों और सचिवों को निर्देशित करते हुए कहा कि ग्राम पंचायतों में स्थानीय संसाधनों और स्वयं की आय के स्रोतों को बढ़ावा देने के साथ-साथ जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए पंचायत विकास योजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास की योजनाओं में स्थानीय आवश्यकताओं को प्राथमिकता देना जरूरी है।
विशेषज्ञों ने साझा किए महत्वपूर्ण सुझाव
प्रशिक्षण कार्यक्रम में राष्ट्रीय प्रशिक्षक एवं सामाजिक कार्यकर्ता आशुतोष शर्मा ने कॉरपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी (CSR) की भूमिका और पंचायतों के विकास में उसकी संभावनाओं पर विस्तृत जानकारी दी।
वहीं अंकित भड़ाना ने 16वें वित्त आयोग के दिशा-निर्देशों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए पंचायतों को उपलब्ध होने वाले संसाधनों और उनके प्रभावी उपयोग की जानकारी साझा की।
ये अधिकारी और प्रशिक्षक रहे मौजूद
कार्यक्रम में सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) पवन चिकारा, प्रशिक्षक ज्योति शर्मा, मीनू सिंह तथा डॉ. दीपक सिंह, वरिष्ठ फैकल्टी, डीपीआरसी, हापुड़ सहित पंचायत सहायकों और सचिवों ने सहभागिता की।
प्रशिक्षण के दौरान पंचायत विकास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, वित्तीय प्रबंधन और ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।