
वन विभाग की तहरीर पर बहादुरगढ़ थाने में मुकदमा दर्ज, पुलिस ने शुरू की जांच
क्षेत्र के गांव पलवाड़ा और चितौड़ा में बिना अनुमति आम और जामुन के पेड़ काटने के आरोप में वन विभाग ने दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। वन विभाग की तहरीर पर बहादुरगढ़ थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
वनक्षेत्राधिकारी करन सिंह ने बताया कि वन रक्षक प्रिंस ने थाने में तहरीर दी है। तहरीर के अनुसार, 14 अगस्त को सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम पलवाड़ा-बहादुरगढ़ मार्ग पर पहुंची। यहां आम के बाग में एक आम का पेड़ कटा हुआ मिला।
वन विभाग के अनुसार, आम का पेड़ काटने के लिए विभाग से अनुमति नहीं ली गई थी। इस मामले में बहादुरगढ़ निवासी वेद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
चितौड़ा में जामुन का पेड़ कटा मिला
इसी दिन शाम को सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ग्राम चितौड़ा की मढ़ैया पहुंची। वहां एक जामुन का पेड़ कटा हुआ मिला। वन विभाग के मुताबिक, जामुन के पेड़ का कटान थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के सालारपुर निवासी कृष्णपाल ने किया था और इसके लिए भी कोई अनुमति नहीं ली गई थी।
सीओ राहुल यादव ने बताया कि वन विभाग की तहरीर के आधार पर दोनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।