हापुड़। विकास क्षेत्र गढ़ के उच्च प्राथमिक विद्यालय इनायतपुर में दीपावली पर्व के उपलक्ष्य में मिठाई वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) हापुड़ दीपा भाटी ने अपने हाथों से विद्यालय के सभी बच्चों को मिठाई वितरित की। मिठाई पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे और विद्यालय परिसर में त्योहार का उत्साह दिखाई दिया।
इस अवसर पर बीएसए दीपा भाटी ने बच्चों और शिक्षकों को दीपावली, गोवर्धन पूजा सहित अन्य पर्वों की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी शिक्षकों से आपसी प्रेम, सौहार्द और खुशहाली के साथ त्योहार मनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पर्व सामाजिक एकता, आपसी सद्भाव और खुशियां बांटने का अवसर होते हैं।
विद्यालय के निरीक्षण के दौरान बच्चों की अच्छी उपस्थिति और वहां के शैक्षिक वातावरण को देखकर बीएसए ने विद्यालय के समस्त स्टाफ की सराहना की। उन्होंने शिक्षकों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए विद्यालय में इसी प्रकार सकारात्मक शैक्षिक माहौल बनाए रखने की बात कही।
कार्यक्रम में डीसी एमडीएम प्रदीप कुमार, डीसी संजय यादव, ब्लॉक मंत्री बलराज सिंह, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमित भाटी, प्रभारी प्रधानाध्यापक सुरेश पाल और सहायक अध्यापक दीपक मोगे उपस्थित रहे।
