नोएडा में पहली बार होगा ‘श्री यमुना सनातन ज्योति महासंगम’, 21 हजार दीपों से जगमगाएगा यमुना तट

0
2

नोएडा। काशी और अयोध्या की आध्यात्मिक परंपराओं की तर्ज पर नोएडा में पहली बार ‘श्री यमुना सनातन ज्योति महासंगम-2026’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। आगामी 7 नवंबर को सेक्टर-94 स्थित यमुना तट पर कालिंदी कुंज पुल के समीप आयोजित होने वाले इस महासंगम में 21 हजार दीपों से यमुना तट को रोशन किया जाएगा। काशी से आए 11 विद्वान वैदिक आचार्य मां यमुना की भव्य महाआरती करेंगे।

आयोजन को लेकर गुरुवार को नोएडा मीडिया क्लब में आयोजकों ने प्रेसवार्ता की। इसमें बताया गया कि अखिल भारतीय गुरुकुल एवं गौशाला अनुसंधान संस्थान के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक महासंगम में वैदिक महायज्ञ, सामूहिक दीपदान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और वैदिक मंत्रोच्चार प्रमुख आकर्षण होंगे। कार्यक्रम दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक चलेगा।

सनातन संस्कृति के संरक्षण के साथ यमुना स्वच्छता का संदेश

संस्था के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा आयोजन के मुख्य संरक्षक ज्योतिषरत्न डॉ. गुरुजी गौतम ऋषि ने बताया कि महासंगम का उद्देश्य सनातन संस्कृति का संरक्षण और संवर्धन करने के साथ मां यमुना की स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि काशी और अयोध्या में धार्मिक आयोजनों के माध्यम से आध्यात्मिक परंपराओं को नई पहचान मिली है। इसी तर्ज पर नोएडा में भी मां यमुना की आराधना और उनके संरक्षण को लेकर एक स्थायी सांस्कृतिक परंपरा विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।

दिल्ली-एनसीआर के लोगों से शामिल होने की अपील

संस्था के राष्ट्रीय महासचिव ठाकुर मान सिंह चौहान ने बताया कि महासंगम की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। उन्होंने नोएडा सहित दिल्ली-एनसीआर के लोगों से परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।

आयोजन समिति में कार्यक्रम संयोजक मनोज गुप्ता, कार्यक्रम सचिव एफसीए डॉ. मनोरंजन मोहंती, राष्ट्रीय सचिव अशोक कुमार श्रीवास्तव और कार्यक्रम उपाध्यक्ष प्रेरित मान सिंह सहित अन्य पदाधिकारी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।

यमुना और पर्यावरण संरक्षण का दिलाया जाएगा संकल्प

आयोजकों के अनुसार, महासंगम के दौरान श्रद्धालुओं और युवाओं को यमुना को स्वच्छ रखने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक संकल्प भी दिलाया जाएगा। आयोजन को धार्मिक आस्था के साथ प्रकृति और नदियों के संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का माध्यम बनाने की योजना है।

आयोजकों का कहना है कि 21 हजार दीपों का सामूहिक दीपदान और काशी के वैदिक आचार्यों द्वारा महाआरती इस आयोजन के प्रमुख आकर्षण होंगे। इसके माध्यम से नोएडा में यमुना के प्रति धार्मिक आस्था के साथ स्वच्छता और संरक्षण का संदेश भी दिया जाएगा।

कार्यक्रम की जानकारी

  • कार्यक्रम: श्री यमुना सनातन ज्योति महासंगम-2026
  • तिथि: 7 नवंबर 2026
  • समय: दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक
  • स्थान: सेक्टर-94, यमुना तट, कालिंदी कुंज पुल के समीप, नोएडा
  • मुख्य आकर्षण: 21 हजार दीपों से दीपदान और 11 वैदिक आचार्यों द्वारा मां यमुना की महाआरती