रक्षाबंधन पर महिलाओं को योगी सरकार की बड़ी सौगात

लखनऊ। रक्षाबंधन के अवसर पर योगी सरकार ने महिलाओं को बड़ी राहत दी है। प्रदेश में महिलाओं के लिए निशुल्क बस यात्रा की अवधि बढ़ाकर 27 अगस्त सुबह छह बजे से 29 अगस्त की मध्यरात्रि तक कर दी गई है। रोडवेज बसों में महिला यात्री के साथ एक सहयोगी भी निशुल्क यात्रा कर सकेगा।

नगर विकास विभाग की 900 से अधिक बसों में भी यह सुविधा उपलब्ध रहेगी। रक्षाबंधन के मद्देनजर यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अतिरिक्त बसों के संचालन की भी तैयारी की जा रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परिवहन, पुलिस और नगर विकास विभाग के अधिकारियों को रक्षाबंधन के दौरान यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

हाईवे और एक्सप्रेसवे पर बढ़ेगी पेट्रोलिंग

मुख्यमंत्री ने प्रमुख शहरों, हाईवे और एक्सप्रेसवे पर पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। टैक्सी, ई-रिक्शा और ऑटो चालकों का सत्यापन अनिवार्य करने के साथ ओवरलोडिंग, ओवरस्पीडिंग और यात्रियों से अधिक किराया वसूलने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

मथुरा-वृंदावन, अयोध्या, वाराणसी और प्रयागराज समेत प्रमुख धार्मिक स्थलों पर विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू करने को कहा गया है।

बस स्टेशनों पर मिलेंगी जरूरी सुविधाएं

बस स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरों, पेयजल, साफ-सफाई और फर्स्ट एड की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार का उद्देश्य रक्षाबंधन पर महिलाओं और अन्य यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है।