
पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र के खैरपुर खैराबाद में रविवार को किसी बात को लेकर गाली-गलौज के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित ने तीन लोगों पर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
खैरपुर खैराबाद निवासी अमरपाल ने बताया कि वह घर पर मौजूद था। इसी दौरान गांव निवासी अंकित, कप्तान और अमित ने किसी बात को लेकर उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। अमरपाल के अनुसार, विरोध करने पर तीनों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित ने बताया कि आरोपितों से बचने के लिए वह किसी तरह मौके से भाग निकला और अपनी जान बचाई। इसके बाद उसने पुलिस को तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
सीओ मुनीश चंद्र ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।