सुविधाओं को तरसे परिवार, पालिका में किया प्रदर्शन

पिलखुवा। वैष्णो धाम कॉलोनी के करीब 100 परिवारों ने मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर सोमवार को नगर पालिका पहुंचकर प्रदर्शन किया। कॉलोनीवासियों ने सड़क और नाली निर्माण कराने के साथ आबादी के अनुरूप बिजली के खंभे बढ़ाने की मांग उठाई।

कॉलोनीवासी कृष्ण कुमार ने बताया कि मोहल्ले में सड़क और नाली की उचित व्यवस्था नहीं है। बिजली के खंभे लगे हैं, लेकिन उनके बीच काफी दूरी होने के कारण कई परिवारों को बिजली कनेक्शन लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आबादी के हिसाब से पर्याप्त बिजली के खंभे लगवाने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने पालिका अधिकारियों से कॉलोनी में सड़क और नाली का निर्माण कराने तथा बिजली व्यवस्था को दुरुस्त कराने की मांग की। इस दौरान लोगों ने अपनी समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया।

ईओ इंद्रपाल सिंह ने प्रदर्शनकारियों की शिकायत सुनी और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

प्रदर्शन में कृष्ण कुमार, नवीन कुमार, दुर्गेश, रविंद्र कुमार, केशव कुमार, रुद्र पाल, कृष्णा प्रजापति, सतीश कुमार, कुश कुमार, सरोज देवी, अशोक कोरी, विनोद कोरी और परमानंद समेत अन्य कॉलोनीवासी मौजूद रहे।