करंट की चपेट में छात्र की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गढ़ी में सोमवार सुबह करंट की चपेट में आने से कक्षा 11 के छात्र मनीष की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं छात्र की मौत से मोहल्ले में भी शोक की लहर है।

परिजनों के अनुसार, मनीष रोज की तरह सोमवार सुबह करीब छह बजे सोकर उठा था। कमरे में टेबल फैन के तार में कट लगा हुआ था। उठते समय उसका पैर कटे तार पर पड़ गया और वह करंट की चपेट में आ गया। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मनीष मूलचंद का 18 वर्षीय बेटा था और आरआर इंटर कॉलेज में कक्षा 11 में पढ़ता था। दो भाइयों में बड़ा होने के कारण वह पढ़ाई के साथ छोटे-मोटे काम करके परिवार की आर्थिक मदद भी करता था।

मनीष के पिता दिल्ली में रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। मां पूजा गृहस्थी संभालती हैं, जबकि छोटा भाई गौरव कक्षा छह में पढ़ता है। बेटे की अचानक मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

मोहल्ले के लोगों के अनुसार मनीष मिलनसार स्वभाव का था और सभी से घुल-मिलकर रहता था। उसकी मौत की खबर से मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है।

घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी गई थी। सीओ मुनीश चंद्र ने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस को नहीं मिली है। सूचना मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।