
सिंभावली। सिंभावली थाना क्षेत्र में लिफ्ट मांगकर मोपेड पर बैठे दो युवकों पर चालक से मारपीट कर नकदी और सामान छीनने का आरोप लगा है। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सुभाष विहार कॉलोनी निवासी संजय सिंह ने बताया कि वह 23 अगस्त की शाम किसी काम से हापुड़ गए थे। शाम करीब सात बजे वापस लौटते समय सड़क किनारे खड़े दो लोगों ने उन्हें रोक लिया। दोनों ने सिंभावली जाने की बात कहते हुए मोपेड पर लिफ्ट मांगी। मानवता के नाते संजय ने दोनों को मोपेड पर बैठा लिया।
पीड़ित के अनुसार, कुछ दूर चलने के बाद दोनों युवकों ने सुनसान रास्ते में मोपेड रुकवा ली और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इसके बाद दोनों ने उनका पर्स और अन्य सामान छीन लिया। पर्स में करीब 4,500 रुपये, एटीएम कार्ड और जरूरी दस्तावेज रखे थे।
संजय ने बताया कि मारपीट में उनके शरीर पर चोट के निशान भी आए हैं। घटना के बाद दोनों आरोपित हापुड़ की ओर फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस से मामले में कार्रवाई और सामान बरामद कराने की मांग की है।
सीओ राहुल यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।