पिलखुवा। सावन के अंतिम सोमवार पर पिलखुवा क्षेत्र शिवभक्ति में डूबा नजर आया। भोर होते ही श्रद्धालु शहर और आसपास के शिवालयों की ओर उमड़ पड़े। भक्तों ने गंगाजल से भगवान शिव का अभिषेक किया और बेलपत्र, दूध आदि अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिरों में दिनभर हर-हर महादेव के जयघोष गूंजते रहे।
देहपा स्थित प्राचीन महादेव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। हाथों में गंगाजल और मन में आस्था लिए हजारों शिवभक्त जलाभिषेक के लिए मंदिर पहुंचे। मंदिर परिसर में चारों ओर शिवभक्ति का माहौल नजर आया।
क्षेत्र के अन्य शिवालयों में भी श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान शिव का पूजन किया। कई भक्तों ने सावन के अंतिम सोमवार का व्रत रखा और भगवान शिव को दूध, बेलपत्र और गंगाजल अर्पित किया।
देहपा महादेव मंदिर के पुजारी मनोज शर्मा ने बताया कि अंतिम सोमवार को भोर से ही श्रद्धालुओं का मंदिर पहुंचना शुरू हो गया था। भक्तों ने श्रद्धा के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक और पूजन कर सावन की साधना पूरी की।