
सिंभावली। थाना सिंभावली क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर गाली-गलौज और दुर्व्यवहार करने के साथ ही उसे जान से मरवाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित सलमान ने बताया कि उसकी शादी करीब तीन वर्ष पहले हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पत्नी उसके और उसके माता-पिता के साथ गाली-गलौज व दुर्व्यवहार करती थी। विवाद बढ़ने के बाद वह पत्नी को लेकर अलग किराये के कमरे में रहने लगा।
सलमान का आरोप है कि जब वह काम के सिलसिले में घर से बाहर जाता है तो उसकी पत्नी अन्य लोगों से फोन पर बातचीत करती है और उन्हें घर पर बुलाती है। विरोध करने पर उसे जान से मरवाने की धमकी दी जाती है। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि पत्नी कई बार खुद जान से मर जाने की धमकी दे चुकी है। उसका आरोप है कि पत्नी की मां भी उसे उसके खिलाफ भड़काती है।
पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
सीओ राहुल यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।