मंदिर जा रहे मां-बेटे पर लाठी-डंडों से हमला, महिला घायल

थाना सिंभावली क्षेत्र के गांव शरीफपुर में मंदिर जा रहे मां-बेटे के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। महिला ने गांव के ही कुछ युवकों पर बाइक रोककर गाली-गलौज करने और लाठी-डंडों से हमला करने का आरोप लगाया है। घटना में महिला के पैर में चोट आई है। पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

गांव निवासी महेंद्री ने बताया कि 21 अगस्त की शाम वह अपने बेटे सोनू के साथ बाइक से गांव स्थित मांडी के मंदिर जा रही थी। आरोप है कि मंदिर के बाहर कुछ युवक लाठी-डंडे लेकर खड़े थे। उन्होंने बाइक रुकवाकर सोनू के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।

पीड़िता के अनुसार, सोनू ने गाली देने का विरोध किया तो आरोपितों ने उसके साथ लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। बेटे को बचाने के लिए महेंद्री आगे आई तो आरोपितों ने उसके साथ भी मारपीट की। इस दौरान डंडा पैर में लगने से उसे चोट लग गई और पैर में काफी सूजन आ गई।

पुरानी रंजिश का आरोप

महेंद्री ने आरोप लगाया कि आरोपितों की उसके बेटे से पुरानी रंजिश है। इससे पहले भी उसके बेटे के साथ मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं, जिसकी शिकायत पुलिस से की गई थी। पीड़िता ने मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

जांच के बाद होगी कार्रवाई

सीओ राहुल यादव ने बताया कि पीड़िता की तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।