टोल प्लाजा पार करते ही युवती से झपट्टा मारकर मोबाइल छीना

पिलखुवा। नोएडा से नौकरी कर ऑटो से हापुड़ लौट रही युवती से टोल प्लाजा पार करते ही बाइक सवार दो युवकों ने झपट्टा मारकर मोबाइल छीन लिया। वारदात के बाद दोनों आरोपी बाइक से फरार हो गए। मोबाइल के कवर में युवती का आधार कार्ड भी रखा हुआ था। पीड़िता ने पुलिस से आरोपियों की पहचान कर मोबाइल बरामद करने की मांग की है।

गांव गिरधरपुर निवासी धीरज शर्मा की पुत्री दिया शर्मा नोएडा स्थित एक निजी कंपनी में नौकरी करती हैं और रोजाना गांव से नोएडा अप-डाउन करती हैं। शुक्रवार को बस खराब होने के कारण वह नोएडा से ऑटो में बैठकर हापुड़ लौट रही थीं।

पीड़िता के अनुसार, टोल प्लाजा पार करते ही मोटरसाइकिल सवार दो युवक ऑटो के पास पहुंचे और झपट्टा मारकर उनका मोबाइल छीन लिया। वह कुछ समझ पातीं, इससे पहले ही आरोपी बाइक से फरार हो गए। छीना गया मोबाइल ओपो कंपनी का बताया गया है। मोबाइल के कवर में आधार कार्ड भी रखा हुआ था।

घटना के बाद दिया शर्मा ने सहयात्री के मोबाइल से अपने स्वजन को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पीड़िता ने आरोपियों की पहचान कर मोबाइल बरामद कराने की मांग की है। पुलिस टोल प्लाजा और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

पहले भी जानलेवा साबित हो चुकी हैं झपटमारी की घटनाएं

हाईवे पर मोबाइल झपटमारी की घटनाएं पहले भी गंभीर हादसों का कारण बन चुकी हैं। पिछले वर्ष मोबाइल झपटमारी के दौरान ऑटो से गिरकर एक छात्रा की हाईवे पर मौत हो गई थी। इसके बावजूद हाईवे और टोल प्लाजा के आसपास इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। ताजा घटना ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं।