सड़क किनारे खून से लथपथ किशोरी का शव मिलने से सनसनी

मेरठ के सरधना थाना क्षेत्र के कुशावली मार्ग पर सड़क किनारे खून से लथपथ किशोरी का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। मृतका की उम्र करीब 16 से 17 वर्ष बताई जा रही है। कई घंटे की कोशिश के बावजूद उसकी पहचान नहीं हो सकी।

हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका

शव की हालत को देखते हुए पुलिस को आशंका है कि किशोरी की हत्या कहीं और करने के बाद शव को कुशावली मार्ग पर लाकर फेंका गया है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही किशोरी की पहचान कराने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण और घटना से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों का पता चल सकेगा।

एफएसएल और डॉग स्क्वायड ने जुटाए साक्ष्य

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी देहात अभिजीत सिंह भी मौके पर पहुंचे। उनके साथ एफएसएल टीम, डॉग स्क्वायड और थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

एसपी देहात अभिजीत सिंह ने बताया कि सरधना पुलिस को कुशावली रोड पर एक अज्ञात युवती का शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम के साथ एफएसएल और डॉग स्क्वायड को मौके पर भेजा गया। घटनास्थल की जांच की जा रही है और युवती की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।

उन्होंने बताया कि शहर से लेकर देहात क्षेत्र तक के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि घटना से जुड़े सुराग मिल सकें।