संजीवनी हेल्थ क्लीनिक पर कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग का अभियान, चार अन्य क्लीनिकों को नोटिस
सिंभावली। हरोड़ा मोड़ स्थित संजीवनी हेल्थ क्लीनिक पर हुई कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सिंभावली क्षेत्र में मानकों के विपरीत संचालित हो रहे क्लीनिक और अस्पतालों के खिलाफ जांच अभियान तेज कर दिया है। बृहस्पतिवार को डिप्टी सीएमओ दिनेश भारती के नेतृत्व में टीम ने कई चिकित्सा प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। दस्तावेजों में खामियां मिलने पर आदर्श हेल्थ केयर सेंटर और हमदर्द हेल्थ केयर सेंटर को बंद करा दिया गया। इसके अलावा चार अन्य क्लीनिकों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
डिप्टी सीएमओ ने बताया कि सिंभावली क्षेत्र में अधूरे दस्तावेजों के आधार पर अस्पताल और क्लीनिक संचालित किए जाने की शिकायतें सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्षेत्र में निरीक्षण और छापामार कार्रवाई की।
संजीवनी हेल्थ क्लीनिक का वीडियो हुआ था वायरल
करीब एक सप्ताह पहले संजीवनी हेल्थ क्लीनिक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ था। इसमें एक छोटा बच्चा ग्लूकोज की बोतल ठीक करते और हाथ में इंजेक्शन लिए दिखाई दे रहा था। वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए क्लीनिक को बंद कराया था।
हालांकि, इसके बाद क्लीनिक के दोबारा संचालित होने की चर्चा भी सामने आई। डिप्टी सीएमओ के अनुसार, जांच में क्लीनिक का रजिस्ट्रेशन नवीनीकरण नहीं मिला और अन्य कमियां भी सामने आईं। फिलहाल क्लीनिक को बंद करा दिया गया है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मुबारिकपुर में झोलाछाप पर भी कार्रवाई
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव मुबारिकपुर में भी एक झोलाछाप चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की। वहीं, जांच अभियान के दौरान चार अन्य क्लीनिकों को नोटिस जारी कर संबंधित संचालकों से दस्तावेज और कमियों को लेकर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
स्वास्थ्य विभाग की लगातार कार्रवाई से क्षेत्र में मानकों और आवश्यक दस्तावेजों के बिना चिकित्सा संस्थान संचालित करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
