ओवैसी कड़े सुरक्षा घेरे में पहुंचे कोर्ट, छिजारसी टोल फायरिंग मामले में दी गवाही

हापुड़। छिजारसी टोल प्लाजा पर 3 फरवरी 2022 को एआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद असदुद्दीन ओवैसी के काफिले पर हुई फायरिंग के मामले में बृहस्पतिवार को ओवैसी अदालत पहुंचे और अपनी गवाही दर्ज कराई। उनकी पेशी को देखते हुए जिला पुलिस-प्रशासन की ओर से कचहरी परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। परिसर के अंदर और बाहर पुलिस तथा पीएसी के जवान तैनात रहे।

अपर एवं जिला न्यायाधीश द्वितीय शेष बहादुर की अदालत में गवाही की प्रक्रिया पूरी हुई। इसके बाद न्यायालय ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 8 सितंबर की तारीख निर्धारित की। गवाही के बाद ओवैसी को कड़ी सुरक्षा के बीच उनके काफिले के साथ दिल्ली रवाना कर दिया गया।

सुबह से ही कचहरी में तैनात रहा भारी पुलिस बल

ओवैसी की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस टीम उन्हें सुबह करीब साढ़े 10 बजे छिजारसी टोल प्लाजा से कड़ी सुरक्षा के बीच कचहरी लेकर पहुंची। कचहरी परिसर में पहले से ही सुरक्षा घेरा तैयार किया गया था। गवाही पूरी होने के बाद पुलिस टीम उन्हें सुरक्षित वापस छिजारसी टोल प्लाजा तक लेकर गई, जहां से वह अपने काफिले के साथ दिल्ली रवाना हुए।

सुरक्षा व्यवस्था के दौरान एडीएम संदीप कुमार, एएसपी विनीत भटनागर, सीओ सदर अनीता चौहान, सीओ पिलखुवा मुनीश चंद्र, सीओ क्राइम एवं यातायात दीपक चतुर्वेदी, सदर कोतवाली प्रभारी मनीष चौहान और थाना बाबूगढ़ प्रभारी प्रवीन कुमार समेत पुलिस बल मौजूद रहा। पीएसी के जवानों की भी तैनाती की गई थी।

2022 में हुआ था काफिले पर हमला

3 फरवरी 2022 को असदुद्दीन ओवैसी मेरठ के किठौर क्षेत्र में चुनावी रैली को संबोधित करने के बाद काफिले के साथ दिल्ली लौट रहे थे। एनएच-9 स्थित छिजारसी टोल प्लाजा के पास उनकी कार पर बाइक सवार दो युवकों द्वारा फायरिंग किए जाने की घटना सामने आई थी। घटना में ओवैसी सुरक्षित बच गए थे।

मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गौतमबुद्धनगर के बादलपुर निवासी सचिन और उसके साथी शिवम को गिरफ्तार किया था। दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेजा गया था।

अदालत में विचाराधीन है मामला

फायरिंग का यह मामला फिलहाल अपर एवं जिला न्यायाधीश द्वितीय की अदालत में विचाराधीन है। इसी मामले में बृहस्पतिवार को ओवैसी की गवाही होनी थी, जिसके लिए वह कड़ी सुरक्षा के बीच हापुड़ कचहरी पहुंचे। गवाही पूरी होने के बाद अदालत ने अगली सुनवाई के लिए 8 सितंबर की तारीख तय की है।

Please follow and like us: