
कैला देवी मंदिर में जयंती पर दी श्रद्धांजलि, युवाओं ने आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प
हापुड़। स्वतंत्रता संग्राम के महान क्रांतिकारी अमर शहीद मंगल पांडे की जयंती पर रविवार को नगर के कैला देवी मंदिर परिसर में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। राष्ट्रीय ब्राह्मण सेवा दल के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजनों, गणमान्य नागरिकों और युवाओं ने मंगल पांडे के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान उनके बलिदान को याद करते हुए युवाओं ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
वक्ताओं ने कहा कि मंगल पांडे ने अंग्रेजी शासन के अन्याय के खिलाफ आवाज बुलंद कर देश में स्वतंत्रता की चेतना जगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में उनका साहस और बलिदान भारतीय इतिहास में सदैव स्वर्णिम अक्षरों में अंकित रहेगा। मातृभूमि के प्रति उनका समर्पण आज भी युवाओं में राष्ट्रप्रेम और अन्याय के विरुद्ध खड़े होने का साहस पैदा करता है।
वक्ताओं ने युवाओं से मंगल पांडे के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। कहा कि महापुरुषों की जयंती मनाने की सार्थकता तभी है, जब उनके विचारों और आदर्शों को जीवन में उतारा जाए। देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने में प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने मंगल पांडे के बलिदान को स्मरण करते हुए देश और समाज के हित में कार्य करने का संकल्प लिया।
इस दौरान नानकचंद शर्मा, ईश्वरचंद शर्मा, सुशील शास्त्री, पुनीत शर्मा, विक्की शर्मा, भरतलाल शर्मा, सुबोध शर्मा, कपिल शर्मा, राजू पारीक, निशांत शर्मा, विशाल कौशिक, ब्रजभूषण पाराशर, कौशल स्वामी और प्रवीण पाठक (बॉबी पाठक) समेत अन्य लोग मौजूद रहे।