किराए के मकान में युवती से छेड़छाड़ का आरोप, शोर मचाने पर भागा मकान मालिक का बेटा; गिरफ्तार

सदर कोतवाली क्षेत्र में किराए के मकान में रहने वाली युवती के कमरे में जबरन घुसकर छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें करने का मामला सामने आया है। आरोप मकान मालिक के बेटे पर है। युवती के शोर मचाने पर पास के कमरे में सो रहा उसका मौसेरा भाई जाग गया, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़िता की मां की तहरीर पर सदर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

बाइक की चाबी मांगने के बहाने कमरे में घुसने का आरोप

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, युवती अपनी मां के साथ सदर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले में किराए के मकान में रहती है। 15 अगस्त की सुबह युवती के नाना की अचानक तबीयत बिगड़ने पर उसकी मां उन्हें उपचार के लिए एक निजी अस्पताल लेकर गई थी। घर पर युवती और उसकी मौसी का बेटा मौजूद थे।

आरोप है कि इसी दौरान मकान मालिक का बेटा उदित शर्मा वहां पहुंचा। उसने बाइक की चाबी ढूंढने के बहाने युवती के बंद कमरे का दरवाजा खटखटाया और दरवाजा खोलने का दबाव बनाया।

दरवाजा खुलते ही अंदर घुसने और छेड़छाड़ का आरोप

शिकायत के मुताबिक, युवती ने कहा कि वह थोड़ी देर में चाबी ढूंढकर दे देगी, लेकिन आरोपी दरवाजा पीटता रहा। आरोप है कि मजबूरी में दरवाजा खोलने पर वह जबरन कमरे में घुस आया और युवती के साथ छेड़छाड़ एवं अश्लील हरकतें करने लगा।

युवती ने विरोध करते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया।

शोर सुनकर मौसेरा भाई पहुंचा, आरोपी फरार

युवती की आवाज सुनकर पास के कमरे में सो रहा उसका मौसेरा भाई जाग गया और मौके पर पहुंच गया। उसे आता देखकर आरोपी वहां से फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद दिल्ली में काम कर रहे युवती के पिता भी हापुड़ पहुंच गए। इसके बाद परिवार की ओर से पुलिस को शिकायत दी गई।

दो साल पहले भी छेड़छाड़ का आरोप

पीड़िता की मां ने पुलिस को बताया कि करीब दो साल पहले भी आरोपी ने उनकी बेटी के साथ छेड़छाड़ की थी। आरोप है कि उस समय आरोपी के परिजनों ने माफी मांगकर मामला शांत करा दिया था और सामाजिक प्रतिष्ठा का हवाला देकर पुलिस में शिकायत नहीं करने का आग्रह किया था।

पीड़िता की मां का आरोप है कि इसके बावजूद आरोपी की कथित हरकतें बंद नहीं हुईं।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

सदर कोतवाली के एसएचओ मनीष चौहान ने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर आरोपी उदित शर्मा के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।