
हापुड़। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावट पर रोक लगाने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने मंगलवार को हापुड़ शहर में औचक निरीक्षण अभियान चलाया। अभियान के दौरान पीर बहाउद्दीन स्थित एक डेयरी प्रतिष्ठान से पनीर और भैंस के दूध के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
मलिक डेयरी से लिए गए दो नमूने
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अनुसार, आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश तथा जिलाधिकारी के आदेश के अनुपालन में यह कार्रवाई की गई।
सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय चंद्र शेखर मिश्र के नेतृत्व में गठित सचल दल ने पीर बहाउद्दीन, जामुन मस्जिद के निकट स्थित मलिक डेयरी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पनीर तथा भैंस के दूध का एक-एक नमूना विधिक प्रक्रिया के तहत संग्रहित किया गया।
प्रयोगशाला जांच के बाद होगी कार्रवाई
खाद्य विभाग ने बताया कि दोनों नमूनों को परीक्षण के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अभियान आगे भी रहेगा जारी
सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय चंद्र शेखर मिश्र ने बताया कि जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावटखोरों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए ऐसे निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
निरीक्षण दल में रहे शामिल
इस कार्रवाई में सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय चंद्र शेखर मिश्र के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी सोवेन्द्र सिंह पंघाल एवं विपिन कुमार सिंह भी मौजूद रहे।
नोट: नमूने लिए जाने का अर्थ यह नहीं है कि संबंधित खाद्य पदार्थ मानक के अनुरूप नहीं हैं। गुणवत्ता संबंधी अंतिम निष्कर्ष प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।