
Hapur News :- सावन माह की कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुगम बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी कविता मीना ने जनपद से होकर गुजरने वाले प्रमुख कांवड़ मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधाओं के लिए की गई व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कांवड़ मार्ग पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी कराई जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि कांवड़ मार्ग पर जहां भी गड्ढे हैं, उन्हें तत्काल भरवाकर सड़क को सुरक्षित और सुगम बनाया जाए। इसके साथ ही पूरे मार्ग पर नियमित साफ-सफाई, कूड़ा निस्तारण और रात्रि के समय पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने संवेदनशील स्थानों, प्रमुख चौराहों और अधिक भीड़ वाले क्षेत्रों में मजबूत बैरिकेडिंग करने तथा यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए रूट डायवर्जन और पार्किंग स्थलों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए पर्याप्त पुलिस बल एवं मजिस्ट्रेट की तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।