
दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, उत्तर प्रदेश कौशल विकास विभाग और सेवायोजन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को एसएसवी पीजी कॉलेज, हापुड़ में विशाल दिव्यांगजन रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन मुख्य अतिथि राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार, नरेन्द्र कश्यप ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
199 दिव्यांग अभ्यर्थियों ने कराया पंजीकरण
रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की कंपनियों में रोजगार के लिए कुल 199 दिव्यांग अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया। विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया, जिसके बाद 126 अभ्यर्थियों को विभिन्न पदों के लिए चयनित अथवा शॉर्टलिस्ट किया गया।
14 लाभार्थियों को वितरित किए प्रमाण पत्र
कार्यक्रम के दौरान मंत्री नरेन्द्र कश्यप ने कौशल विकास विभाग के 10 लाभार्थियों और मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत चार लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए।

सहायक उपकरण योजना के लिए 47 आवेदन
रोजगार मेले के साथ दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष काउंटर भी लगाए गए। कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण योजना के तहत 47 दिव्यांगजनों ने आवेदन किया।
वहीं कौशल विकास विभाग की योजना के तहत 46 अभ्यर्थियों, UDID कार्ड के लिए 42 लाभार्थियों और मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत 30 लोगों ने आवेदन किया।
दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
मेले में रोजगार के साथ दिव्यांगजनों को कौशल विकास, स्वरोजगार और सरकारी योजनाओं से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए काउंटरों के माध्यम से लाभार्थियों को योजनाओं की जानकारी और पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
सरकार दिव्यांगजनों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध : नरेन्द्र कश्यप
राज्य मंत्री नरेन्द्र कश्यप ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने, उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और उनके कौशल विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि रोजगार और कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराकर दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
अधिकारियों और विभागीय टीम की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी श्रुति शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सेवायोजन विभाग के उपनिदेशक, जिला उद्योग केंद्र के उपायुक्त, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, जिला सेवायोजन अधिकारी, जिला समन्वयक कौशल विकास/प्राचार्य आईटीआई, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, श्रम विभाग के अधिकारी, विभागीय कर्मचारी और एसएसवी पीजी कॉलेज के पदाधिकारी मौजूद रहे।