14 बिजली के खंभों से तार चोरी, 10 किसानों के नलकूप ठप; सिंचाई संकट गहराया, पुलिस जांच में जुटी

Hapur News :- हापुड़ जिले के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव मुजफ्फरा बागड़पुर के जंगल में बुधवार देर रात अज्ञात चोरों ने 14 बिजली के खंभों से तार काटकर चोरी कर लिए। घटना के बाद करीब 10 किसानों के नलकूप बंद हो गए हैं, जिससे खरीफ फसलों, विशेषकर धान की सिंचाई प्रभावित हो गई है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

गुरुवार सुबह जब किसान खेतों पर पहुंचे तो कई बिजली के खंभों से तार गायब मिले। इसके बाद किसानों ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही बाबूगढ़ पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण कर जांच शुरू की।

किसान पंडित विजेंद्र शर्मा ने बताया कि बिजली के तार चोरी होने से उनके अलावा नेपाल हूण, दिनेश शर्मा, जयकरण शर्मा, शीशपाल, कर्मपाल शर्मा सहित लगभग 10 किसानों के नलकूप बंद हो गए हैं। किसानों का कहना है कि यदि जल्द बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो फसलों की सिंचाई प्रभावित होने से आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

ग्रामीणों का आरोप है कि करीब दो महीने पहले भी इसी क्षेत्र में लगभग 20 बिजली के खंभों से तार, केबल और स्टार्टर चोरी किए गए थे, लेकिन उस घटना का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से किसानों में नाराजगी है।

किसानों ने जंगल क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और बिजली लाइनों की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था करने की मांग की है। उनका कहना है कि फसल के मौसम में इस प्रकार की घटनाएं खेती पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रही हैं।

क्षेत्राधिकारी अनीता चौहान ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल इस मामले में कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Please follow and like us: