
हापुड़। सिंभावली थाना क्षेत्र के गांव खागोई में प्लॉट विवाद को लेकर एक महिला ने गांव के 10 लोगों के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़, रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
15 वर्ष पहले प्लॉट खरीदने का दावा
पुलिस को दी गई शिकायत में नजराना ने बताया कि उन्होंने लगभग 15 वर्ष पूर्व गांव निवासी मकसूद से 100 वर्ग गज का एक प्लॉट खरीदा था। उनके अनुसार प्लॉट पर चहारदीवारी और टीनशेड बनाकर परिवार का सामान रखा गया था।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि पिछले कुछ समय से कुछ लोग उक्त प्लॉट पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं, जिसके चलते विवाद चल रहा है।
घर में घुसकर तोड़फोड़ और मारपीट करने का आरोप
तहरीर के अनुसार, सरताज, मकसूद, साहिल, जिशान, सरफराज, मोहम्मद अली, शोएब, आजिम, शाहनवाज और मोसीन पर आरोप है कि वे कथित रूप से कई बार घर और प्लॉट में घुस आए तथा वहां रखे सामान को नुकसान पहुंचाया। शिकायत में पानी की टंकी, सबमर्सिबल और अन्य निर्माण में तोड़फोड़ करने का भी आरोप लगाया गया है।
महिला का यह भी आरोप है कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई तथा उसके दिव्यांग बेटे के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया।
समाधान दिवस में शिकायत के बाद भी विवाद जारी रहने का आरोप
शिकायतकर्ता के अनुसार, उन्होंने इस मामले की शिकायत पहले संपूर्ण समाधान दिवस में भी की थी। आरोप है कि इसके बावजूद विवाद समाप्त नहीं हुआ और बाद में दोबारा घर पर पहुंचकर पथराव एवं तोड़फोड़ की गई।
3 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और धमकी देने का आरोप
महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि आरोपियों ने प्लॉट का विवाद समाप्त करने के नाम पर तीन लाख रुपये की मांग की। शिकायत के अनुसार, रकम नहीं देने पर उसके दिव्यांग बेटे और परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने तथा जान से मारने की धमकी दी गई।
एसपी के निर्देश पर दर्ज हुआ मुकदमा
क्षेत्राधिकारी राहुल यादव ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य एवं साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।